हल्द्वानी। मित्र पुलिस जनता की मदद को तो हमेशा तैयार रहती है लेकिन इस बार पुलिस ने लंगूर की परेशानी देखकर उसकी सेवा की। पुलिस के इस कार्य की हर ओर वाहावाही हो रही है। पुलिस ने इस नेक कार्य की वीडियो को टिवटर और ऑफिशियल वेबसाइट पर भी शेयर किया है।
हरिद्वार में एक लंगूर मां मंशा देवी सेल्फी पॉइंट के पास बैठा था। काफी कमजोर लग रहा लंगूर अपना दर्द भी किसी से बयां नहीं कर सकता था। इस बीच उत्तराखंड पुलिस के कुछ जवानों की नजर उस लंगूर पर पड़ी। ऐसा लग रहा था जैसे भीषण गर्मी में लंगूर पानी की तलाश में था। इस पर पुलिस ने पानी की बोतल में ओआरएस मिलाकर लंगूर को पिलाया। पानी पीकर लंगूर की जान में जान जाई। बेजुबान लंगूर खाकी के इस कार्य का धन्यवाद तो अदा नहीं कर सकता था लेकिन उसके चेहरे पर लौटी रंगत कह रही हो कि इस बार आप भगवान बनकर आ गए। बंदर की सेवा करने वालों में कांस्टेबल जगवीर राणा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने अपने इस नेक कार्य को टिवटर और ऑफिशियल वेबसाइट पर भी शेयर किया है जिसकी काफी प्रशंसा हो रही है।